‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत 86 आराेपित गिरफ्तार, एक करोड़ से अधिक की संपत्ति बरामद
आगरा/मथुरा 14 नवम्बर(हि.स.)। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी दिशा में यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और निश्चिंत यात्रा का अनुभव कराने के लिए मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा एस. रामकृष्णन के मार्गदर्शन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा निरंतर सतर्कता के साथ “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” अभियान चलाया जा रहा है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा एस. रामकृष्णन ने बताया इस अभियान के अंतर्गत आरपीएफ की टीमों ने रेल परिसरों, प्लेटफॉर्मों, यात्री ट्रेनों और कोचों में सघन गश्त और निगरानी की। परिणामस्वरूप, आरपीएफ द्वारा इस वित्तीय वर्ष में माह अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान कुल 86 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है, जो यात्रियों के सामान की चोरी, झपटमारी अथवा अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए थे।
आरपीएफ द्वारा की गई इन प्रभावी कार्रवाइयों के चलते यात्रियों से चोरी हुई अथवा खोई हुई संपत्तियाँ बड़े पैमाने पर बरामद की गई हैं। बरामद की गई कुल संपत्तियों की अनुमानित कीमत 1,02,38,050 रुपये आंकी गई है।
रेलवे सुरक्षा बल का यह अभियान यात्रियों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेल परिसरों में अपराधमुक्त वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम है। इस अभियान के तहत न केवल अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है, बल्कि रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित कार्रवाई दलों की भी तैनाती की जा रही है।
रेल प्रशासन की यात्रियों से अपील
रेल प्रशासन ने यात्रियों से विशेष अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। इसके साथ ही, आरपीएफ द्वारा यात्रियों की सहायता के लिए समय-समय पर जनजागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं, जिनमें यात्रियों को उनके अधिकारों व सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जाता है। यह अभियान यह साबित करता है कि रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह तत्पर हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

