home page

सुपौल में नशा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 85 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

 | 
सुपौल में नशा कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 85 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार


सुपौल, 24 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पिपरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने 85 ग्राम स्मैक, नकदी और अन्य सामान के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 23 जून को पिपरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विशनपुर वार्ड संख्या-13 निवासी लोकेश कुमार अपने घर से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी की गई।पुलिस टीम ने लोकेश कुमार के आवास पर विधिवत तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर और वाहन से कुल 85 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा 47,780 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो यूपीआई स्कैनर, एक मोबाइल फोन तथा एक टाटा जेस्ट कार भी जब्त की गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश कुमार, पिता- सतीश संजय, निवासी विशनपुर वार्ड संख्या-13, थाना पिपरा, जिला सुपौल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के नेटवर्क, आपराधिक इतिहास और इस कारोबार से जुड़े अन्य संभावित लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामले में पिपरा थाना में एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बरामद सामान की सूची 85 ग्राम स्मैक 47,780 रुपये नकद

,1 इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2 यूपीआई स्कैनर

,1 मोबाइल फोन,1 टाटा जेस्ट कार

पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र