अशोकनगर: पुलिस की गिरफ्त में आया बैंक फ्रॉड आरोपी
अशोकनगर,01 मई(हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की बहादुरपुर पुलिस ने बैंक लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का शुक्रवार को भंडाफोड़ करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, बहादुरपुर कस्बा अंतर्गत ग्राम दमदमा निवासी मनोज यादव ने गुरुवार को थाना बहादुरपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी आरोपी आशीष गुरैया (निवासी ग्राम गहोरा) ने उसे बैंक से 6,00,000 रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया और विभिन्न शुल्कों के नाम पर 84,500 रुपये ऐंठ लिए. ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली, जिस पर अपराध क्रमांक 133/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस की कार्रवाई:
थाना प्रभारी नीलम यादव और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी आशीष गुरैया को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है.
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

