गांजा और 129 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत किशनपुर और पिपरा थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 84 किलो 250 ग्राम गांजा और 129 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं।
डीएसपी सदर राजीव रंजन ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। मामले में त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के बेलहा वार्ड नंबर-01 निवासी बलराम यादव के पुत्र विजांशु कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार वाहन जांच, गश्ती और सूचना के आधार पर छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में 3 अक्टूबर को किशनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक चार पहिया वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 84 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांजा तस्करी के नेटवर्क की तलाश
पुलिस अब बरामद गांजा के स्रोत और उसके संभावित खरीदारों तक पहुंचने में जुटी है। जांच के दौरान गांजा की तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका है।
नशे के खिलाफ अभियान के दौरान किशनपुर थाना पुलिस को एक अन्य कार्रवाई में भी सफलता मिली। पुलिस टीम गश्ती के क्रम में मिली सूचना के आधार पर कमलजरी जाने वाली सड़क के ढाला के समीप वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। मोटरसाइकिल पर टंगे थैले की जांच करने पर उसमें से 100 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए।
इस संबंध में किशनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस प्रतिबंधित इंजेक्शन की खरीद, आपूर्ति और खपत से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इंजेक्शन कहां से मंगाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
इसी अभियान के तहत पिपरा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने वाहन जांच के दौरान कार्रवाई की। वाहन जांच के क्रम में मोटरसाइकिल सवार विजांशु कुमार, पिता बलराम यादव, निवासी बेलहा वार्ड नंबर-01, थाना त्रिवेणीगंज, जिला सुपौल को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 29 पीस प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पिपरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रतिबंधित इंजेक्शन की खरीद-बिक्री और आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। तीन कार्रवाई में 84 किलो से अधिक
गांजा और 129 इंजेक्शन जब्त
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान हुई इन कार्रवाई में कुल 84 किलो 250 ग्राम गांजा और 129 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए गए। इसके अलावा एक चार पहिया वाहन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। थाना स्तर पर नियमित वाहन जांच और गश्ती के साथ-साथ गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का जोर नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान करने तथा तस्करी के स्रोत और संभावित खरीदारों तक पहुंचने पर है। मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

