home page

82 किलो गांजा बरामद, तस्कर कार छोड़कर फरार

 | 
82 किलो गांजा बरामद, तस्कर कार छोड़कर फरार


82 किलो गांजा बरामद, तस्कर कार छोड़कर फरार


सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 82 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस को देखते ही कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गांजा और कार को जब्त कर लिया है। फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

एसपी शैशव आर्य के निर्देश पर किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर मलाढ़ पंचायत भवन के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध हुंडई कार को रुकने का संकेत दिया। पुलिस को देखते ही चालक कार रोककर मौके से फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली। कार के पीछे रखे चार काले-नीले रंग के बैग मिले। बैग खोलकर जांच करने पर उसमें गांजा भरा पाया गया। वजन करने पर कुल 82 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा समेत कार को जब्त कर थाने ले आई।

पुलिस के अनुसार जब्त कार का पंजीकरण नंबर यूपी 74 डी 26090001070 है। पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि बरामद गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जांच की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र