गोल्ड में निवेश के नाम पर दो युवकों से 80 लाख का फ्रॉड : रूपए वापिस मांगने पर मिली धमकियां
आरोपित ने पैसा एमसीएक्स में लगाया , ज्वैलर पर केस दर्ज
जोधपुर, 01 मई (हि.स.)। शहर के दो युवकों को गोल्ड में निवेश के नाम पर 80 लाख की धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया। आरोपित ने गोल्ड में निवेश के नाम पर रकम ली फिर पैसा एमसीएक्स में लगा दिया जोकि बाद में डूब जाना बताया गया। पीडि़तों ने रूपयों की मांग की तो जान की धमकी के साथ झूठे केस में फं साने को कहा। कोर्ट में इस्तगासे के माध्यम से बासनी पुलिस ने ज्वैलर को नामजद कर अब जांच आरंभ की है। रिपोर्ट मसूरिया निवासी दीप मंगल पुत्र अजय मंगल और 12वीं ए रोड निवासी अनुज पुरोहित पुत्र भगवान प्रसाद की तरफ से दी गई है।
आरोपित मुरली मनोहर मंदिर के सामने, शाहपूरा स्कूल के पास, सोनारों का बास निवासी हितेश सोनी का बनाया गया है। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी मेघांशी जेम्स एंड ज्वैलर्स के नाम की स्वयं की फर्म से अपना व्यवसाय करता है। इनके बीच में काफी समय से अच्छी जान पहचान है। दिसम्बर 25 में हितेश सोनी ने उन्हें फोन कर गोल्ड में निवेश के लिए उकसाया। उस पर विश्वास करते हुए पीडि़त ने अपनी फैक्ट्री ऑफिस गली नंबर 6 बासनी बुलाया और उस दिन के भाव से जोकि 13000 प्रति ग्राम थे, जिसके हिसाब से अभियुक्त को 30 लाख रूपए गोल्ड लेने के लिए नकद दिए गए। बाद में कहा कि 230 ग्राम गोल्ड आज के भाव से इन रुपयों से खरीद कर वह दे देगा तथा रूपए लेकर वहां से चला गया जिसके कुछ दिनों बाद मैंने अभियुक्त से संपर्क किया तो उसने कहा की गोल्ड मैंने ले लिया है और मैं दो चार दिन में फैक्ट्री की तरफ आऊंगा तो तुम्हे सारा गोल्ड दे दूंगा। 13 दिसम्बर 2025 को फिर फोन किया और कहा कि गोल्ड के भाव में बहुत तेजी आने वाली है तथा अभी अगर और इन्वेस्ट करते हो बड़ा मुनाफा हो जाएगा तथा पुराना और अभी वाला सारा गोल्ड में एक साथ ही दे दूंगा।
पीडि़त ने बाद में अपने मित्र अनुज पुरोहित को भी गोल्ड में इंवेस्ट के लिए कहा तो उसने भी विश्वास करते हुए 50 लाख रूपए दिए। तब भाव 13500 प्रति ग्राम थे, 370.37 ग्राम गोल्ड अनुज पुरोहित का बनता है। आरोपित हितेश ने कुल मिलाकर 600.37 ग्राम गोल्ड का गबन लिया। 05 मार्च 26 को अभियुक्त ने फोन किया और पांच बत्ती चौराहा पर मिला और आश्वासन दिया कि आज के भाव से मेरे द्वारा खरीद किये गए गोल्ड के लगभग 99 लाख रूपए होते है जो अभियुक्त ने मुझे एक दो दिन में देने का कहा लेकिन अभियुक्त ने यह समय गुजर जाने के बाद भी रूपए नहीं लौटाए। बाद में फैक्ट्री आया और टालमटोल करता रहा। आरोपित ने कोर्ट में भी डिजिटल हस्ताक्षर करने से मना कर दिया था। बार बार धोखा मिलते देख परिवादी और साथी आरोपित के घर गए तो पता लगा कि उसने सारे पैसे एमसीएक्स में लगा दिया जोकि डूब गए है। आरोपित के मामा कमल सोनी ने उन्हें जान की धमकी दी। साथ ही कहा कि जबरन अनाधिकृत प्रवेश करने, घर की औरतों से छेड़छाड़ करने व अभियुक्त का जबरन अपहरण कर हमसे फिरौती मांगने का मुकदमा तुम्हारे खिलाफ दर्ज करा देंगे और फिर तुम्हारे 80 लाख तो हमने हड़प लिए ही है और अब फिर राजीनामा करने के के लिए तुमसे एक करोड और ले लेंगे। रूपए भी भूल जाने के लिए कहा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

