home page

अवैध किडनी कांड में अब तक 8 गिरफ्तारी, आधा दर्जन अस्पताल रडार पर : डीसीपी

 | 
अवैध किडनी कांड में अब तक 8 गिरफ्तारी, आधा दर्जन अस्पताल रडार पर : डीसीपी


कानपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। अवैध किडनी खरीद-फरोख्त मामले में अब तक 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 7 से 8 अस्पताल जांच के दायरे में आए हैं। मामले में अन्य संदिग्धों की पहचान कर दबिश दी जा रही है और गाजियाबाद निवासी डॉक्टर रोहित की तलाश तेज कर दी गई है। वहीं डॉक्टर अली की भूमिका को लेकर भी जांच जारी है और पूछताछ के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस लगातार साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने दी।

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में सामने आए अवैध किडनी ट्रांसप्लांट कांड की जांच लगातार गहराती जा रही है। डीसीपी के अनुसार इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि जांच के दौरान कई अन्य संदिग्धों के नाम भी प्रकाश में आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच के क्रम में गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी डॉक्टर रोहित का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उसके संबंध में अन्य आवश्यक जानकारियां भी एकत्रित की जा रही हैं, ताकि जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

वहीं डॉक्टर अली के संबंध में भी पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उसके निवास स्थान पर दबिश दी गई। प्रारंभिक जांच में उसके परिजनों ने उसे डॉक्टर न बताकर टेक्नीशियन बताया है। हालांकि यह जांच का प्रारंभिक चरण है और गिरफ्तारी व पूछताछ के बाद ही उसकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि जांच के दौरान आधा दर्जन अस्पतालों के नाम भी सामने आए हैं, जहां अवैध किडनी ट्रांसप्लांट किए जाने की आशंका है। इन संस्थानों से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। ओटी टेक्नीशियनों से मिली जानकारी में डॉक्टर अली द्वारा ऑपरेशन किए जाने की बात भी सामने आई है लेकिन पुलिस इस दावे का सत्यापन कर रही है। बीते दो दिनों से पुलिस लगातार पूछताछ और साक्ष्य संकलन में जुटी है। प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप