home page

दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग में 8 आरोपित गिरफ्तार, गए जेल

 | 
दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग में 8 आरोपित गिरफ्तार, गए जेल


मुरादाबाद, 07 मार्च (हि.स.)। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सिरसखेड़ा में दो पक्षों में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने आठ आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से सभी को जिला कारागार भेज दिया गया।

मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सिरसखेड़ा में प्रधान इकरार और दूसरे पक्ष के अब्दुल मतालिब उर्फ अब्दुल्ला में प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। बुधवार को दोनों पक्ष में कहासुनी हो गई थी। लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था।

आरोप है कि प्रधान के समर्थक जाकिर ने शुक्रवार को दूसरे पक्ष के साथ गाली गलौज की थी। जिससे दोनों पक्षों में तकरार बढ़ गई थी। मतालिब के चाचा वहीद शुक्रवार की दोपहर 2 बजे पैदल जाकिर के घर के पास से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रधान इकरार, जाकिर, शमशाद फरजंद ने उसे घेर लिया और लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे उनके सिर में चोट आई है। पुलिस की ओर से प्रधान इकरार तथा अब्दुल्ला उर्फ मतालिब सहित नामजद एवं 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, बलवा, फायरिंग, गुंडा एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई।

क्षेत्राधिकारी हाईवे राजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में मतालिब उर्फ अब्दुल्ला, फईम, अता मोहम्मद, अब्दुल हकीम, इमरान, अली मोहम्मद, आजम और फरहद रजा को शुक्रवार गिरफ्तार कर लिया गया है। आज देर शाम सभी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल