शराब से लदी स्कॉर्पियो पकड़ाई, 757 लीटर अवैध शराब बरामद
सीवान, 21 मई (हि.स.)। नौतन थाना पुलिस ने गुरुवार अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से लदी एक स्कॉर्पियो को जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से कुल 757 लीटर अवैध शराब बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 21 मई की सुबह करीब चार बजे नौतन थाना को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के पचलखी रास्ते से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पचलखी पोखरा तीनमुहानी के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच देख स्कॉर्पियो चालक गाड़ी घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर चालक समेत वाहन को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 757 लीटर अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने अपनी पहचान विकास कुमार यादव, पिता नन्दकिशोर यादव, निवासी विलासपुर, थाना मैरवा, जिला सीवान के रूप में बताई।
इस मामले में नौतन थाना में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं शराब तस्करी में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
बरामद सामानों में 757 लीटर अवैध शराब एवं एक स्कॉर्पियो शामिल है। कार्रवाई में पु.अ.नि. जितमोहन कुमार, थानाध्यक्ष नौतन तथा थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

