बैंक से रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर को डिजिटल अरेस्ट करके 75 लाख 69 हजार रुपये की ठगी
नोएडा, 16 मार्च (हि.स.)। थाना साइबर क्राइम में इंडियन ओवरसीज बैंक के रिटायर्ड असिस्टेंट मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सीबीआई का डायरेक्टर बनकर एक व्यक्ति ने उसको फोन किया तथा जेट एवरेज के मालिक नरेश गोयल के साथ मिलकर 38 करोड रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी करने का झांसा देकर उसे डिजिटल अरेस्ट किया। उससे 75 लाख 69 हजार 224 रूपये की ठगी कर ली।
अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने साेमवार काे बताया कि बीती रात को रामनाथ सिंह पुत्र स्वर्गीय सिद्धि सिंह निवासी सुपरटेक इको विलेज वन ग्रेटर नोएडा वेस्ट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह इंडियन ओवरसीज बैंक से असिस्टेंट मैनेजर के पद से रिटायर्ड अधिकारी हैं। पीड़ित के अनुसार 24 फरवरी को उनके पास विजय खन्ना नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को सीबीआई का डायरेक्टर बताया। बाद मे व्हाट्सएप वीडियो कॉल करके उनसे बात की। उसने बातचीत में कहा कि जेट एयरवेज के मालिक नरेश गोयल ने केनरा बैंक में फर्जी अकाउंट खोला था, जिसके माध्यम से 38 करोड रुपये की ठगी की गई है। इसमें आपकी संलिप्तता पाई गई है। आपको 90 दिन के लिए डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है। आपके अकाउंट की पैसे की जांच होगी।
फिर पीड़ित को एक कथित कोर्ट रूम से वीडियो कॉल के माध्यम से जोड़ा गया। वहां पर जज और पुलिस की वर्दी पहने लोग दिखाई दे रहे थे। पीड़ित पर आरोप लगाया गया कि वह मनी लांड्रिंग के केस में शामिल हैं। जब उन्होंने इस बात से इनकार किया तो कथित सीबीआई डायरेक्टर ने कहा कि हम आपको मजिस्ट्रेट से बात करके बचाने का प्रयास करेंगे। पीड़ित के अनुसार उसे अपने झांसी में लेकर उसके बैंक खातों की रकम को एक बैंक खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा गया। पीड़ित के अनुसार वह काफी भयभीत हो गए थे, तथा उन्होंने साइबर अपराधियों के बताए हुए खाते में 75 लाख 69 हजार 224 रूपये ट्रांसफर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उन्हे 24 फरवरी से 9 मार्च तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा गया। बाद में पीड़ित को अपनी ठगी का एहसास हुआ तथा उन्होंने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

