home page

बसंतपुर में 70 किलो गांजा से भरी लावारिस इनोवा का मामला सुलझा, महाराष्ट्र का आरोपित गिरफ्तार

 | 
बसंतपुर में 70 किलो गांजा से भरी लावारिस इनोवा का मामला सुलझा, महाराष्ट्र का आरोपित गिरफ्तार


बसंतपुर में 70 किलो गांजा से भरी लावारिस इनोवा का मामला सुलझा, महाराष्ट्र का आरोपित गिरफ्तार


बलरामपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र में करीब 35 लाख रुपये कीमत के 70.390 किलोग्राम गांजे की बरामदगी के मामले में पुलिस ने इनोवा वाहन के कथित चालक को गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच और वाहन के फास्टैग से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर निवासी अशोक कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते के किनारे एक इनोवा कार काफी समय से लावारिस हालत में खड़ी होने की सूचना मिली थी। थाना प्रभारी बसंतपुर पुलिस टीम और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां महाराष्ट्र नंबर की इनोवा कार क्रमांक एमएच 04 डीवाॅय 9471 खड़ी मिली। वाहन का गेट लॉक होने के कारण मैकेनिक की मदद से उसे खुलवाया गया और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की से भूरे रंग के टेप में लिपटे 18 पैकेट और एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी खोलकर देखने पर उसमें भी इसी तरह टेप से लिपटे 16 पैकेट मिले। इस तरह कुल 34 पैकेट बरामद हुए। उनमें रखे पदार्थ की जांच और पहचान के बाद गांजा होने की पुष्टि की गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल कराने पर कुल वजन 70.390 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये बताई गई। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में इस्तेमाल इनोवा वाहन भी जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई।

वाहन के अज्ञात चालक के विरुद्ध अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन में लगे फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर अशोक कुमार यादव की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसने इनोवा वाहन मुंबई के एक व्यक्ति से खरीदा था, लेकिन वाहन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं कराया था। उसने यह भी बताया कि वर्ष 2020-21 में कोरोना के दौरान दुकान बंद होने के बाद वह अपने गांव उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के जलालपुर माफी लौट आया था और इसके बाद से ड्राइविंग का काम कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित ने जुलाई 2026 में अपने एक अन्य साथी के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचकर इनोवा में गांजा लोड करने और 22 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाने की बात स्वीकार की है। रास्ते में वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक के पेड़ से टकराने के बाद आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से उसकी इनोवा पीछे से कार से टकरा गई थी। इसके बाद वह वाहन तेज गति से भगाने लगा। छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर उसने वाहन को कच्चे रास्ते में ले जाकर खड़ा कर दिया और अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपित के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है। गांजा तस्करी में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के संबंध में विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय