home page

भारत-नेपाल सीमा पर 70 बकरियां जब्त, एक नेपाली समेत सात तस्कर गिरफ्तार

 | 
भारत-नेपाल सीमा पर 70 बकरियां जब्त, एक नेपाली समेत सात तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं वाहिनी ने भारत-नेपाल सीमा पर मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 बकरियां जब्त की हैं।

इस दौरान एक नेपाली नागरिक समेत सात तस्करों को गिरफ्तार किया गया। तस्करी में प्रयुक्त तीन ऑटो और तीन मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई हैं। सभी आरोपियों एवं जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए दिघलबैंक थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से अवैध रूप से बकरियों की खेप ऑटो और मोटरसाइकिल के माध्यम से भारतीय सीमा में लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर बी कंपनी, दिघलबैंक कैंप से एसआई जीडी पुरफुल्ला कुमार रॉय के नेतृत्व में विशेष नाका दल का गठन किया गया। टीम ने भारत-नेपाल सीमा स्थित बॉर्डर पिलर संख्या-135 के समीप घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान नेपाल की ओर से आ रहे तीन ऑटो और तीन मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई।

वाहनों पर बड़ी संख्या में बकरियां लदी हुई थीं। पूछताछ के दौरान चालक और अन्य लोग बकरियों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके तथा भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि एसएसबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सभी सात आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में कुल 70 बकरियां, तीन ऑटो एवं तीन मोटरसाइकिल जब्त की गईं।

जब्त सामान और गिरफ्तार तस्करों को विधिसम्मत कार्रवाई के लिए दिघलबैंक थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का लाभ उठाकर मवेशी तस्कर लगातार सक्रिय रहते हैं। विशेषकर त्योहारी सीजन के दौरान मवेशियों की मांग बढ़ने से तस्करी की घटनाओं में भी वृद्धि होती है।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। दिघलबैंक थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसबी ने स्पष्ट किया कि सीमा क्षेत्र में तस्करी के विरुद्ध उसका अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह