सुपौल में स्मैक तस्करी का भंडाफोड़, 67 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 67 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक तराजू, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, विभिन्न कार्ड और नकदी भी बरामद की है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, सुपौल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 24 जुलाई को सदर थाना क्षेत्र के विद्यापुरी मोहल्ले में किराये के मकान से चोरी की अवैध मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से विद्यापुरी मोहल्ले स्थित किराये के मकान में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान 67 ग्राम स्मैक, दो गैस लाइटर, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तीन एटीएम कार्ड, एक वोटर कार्ड, एक पैन कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल, सात एंड्रॉयड मोबाइल तथा ₹11,760 नकद बरामद किए गए। इसके बाद मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विद्यापुरी वार्ड-2 निवासी अभिषेक कुमार (26), डुमरी वार्ड-8 निवासी भूषण कुमार (24), मुंगरार वार्ड-9 निवासी चंदन कुमार (28) तथा बलवा पुनर्वास वार्ड-1 निवासी प्रमोद कुमार यादव (41) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास, मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में गहन जांच जारी है। इस मामले में सदर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

