home page

जमीनी विवाद में मारपीट के बाद 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

 | 
जमीनी विवाद में मारपीट के बाद 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत


दरभंगा, 29 अगस्त (हि.स.)।

जिला में सिंहवाड़ा स्थिति सिमरी थाना क्षेत्र की भराठी पंचायत के भरवाड़ा टोल, वार्ड संख्या-13 में शुक्रवार शाम जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान तबीयत बिगड़ने से 65 वर्षीय अमीरी सहनी की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

मृतक की पुत्री विमला देवी ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता ने गांव के ही सुरेश सहनी से जमीन खरीदी थी। आरोप है कि उक्त जमीन पर सुरेश सहनी के भाई के पुत्र मुनचुन सहनी, राजा सहनी एवं गुड्डू सहनी कब्जा खाली नहीं कर रहे थे। शुक्रवार शाम करीब सात बजे इसी विवाद को लेकर तीनों अमीरी सहनी के घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू हो गई।

परिजनों के अनुसार, अमीरी सहनी उस समय दरवाजे पर बैठे थे। विवाद के दौरान उन्हें धक्का लगा, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर कमतौल एसडीपीओ-2 एसके सुमन एवं सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि राजा सहनी एवं गुड्डू सहनी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों के अनुसार, अमीरी सहनी लंबे समय से बीमार थे। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra