home page

525 पैकेट अवैध तंबाकू के साथ 6 नेपाली महिलाएं गिरफ्तार

 | 
525 पैकेट अवैध तंबाकू के साथ 6 नेपाली महिलाएं गिरफ्तार


525 पैकेट अवैध तंबाकू के साथ 6 नेपाली महिलाएं गिरफ्तार


लखीमपुर खीरी, 16 जुलाई (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान गौरीफंटा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र में घेराबंदी कर तस्करी के जरिए नेपाल ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध तंबाकू बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से नेपाल की रहने वाली 6 महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 525 पैकेट अवैध सुपर पावर तंबाकू बरामद हुई है। बरामद किए गए माल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹47,250 बताई जा रही है। पुलिस ने बरामद तंबाकू को सीज कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया है।

उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सीमा पर अवैध तस्करी को पूरी तरह रोकने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम जब ककरहिया से मोहन नदी घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर गश्त कर रही थी, तभी कुछ संदिग्ध महिलाएं पीठ पर पिट्ठू बैग लादे आती दिखाई दीं। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके बैगों से भारी मात्रा में अवैध तंबाकू के पैकेट बरामद हुए। पूछताछ में पकड़ी गई महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे इसे अवैध रूप से सीमा पार ले जा रही थीं। गिरफ्तार की गई महिलाओं में मुख्य रूप से नेपाल के कैलाली जिले की 6 महिलाएं शामिल हैं, जिनसे सुरक्षा एजेंसियां आगे की पूछताछ में जुटी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव