अनूपपुर: उड़ीसा के तस्कर से सूटकेस से 6 किलो गांजा बरामद, गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.355 किलोग्राम अवैध गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।
पुलिस मोबाइल डेटा के जरिए तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया हैं।
थाना प्रभारी अशोक संजय एक्का ने बताया कि सूचना मिली थी कि छुलहा रेलवे स्टेशन की ओर से एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रॉली सूटकेस लेकर अनूपपुर बस्ती की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने छुलहा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दी। अनूपपुर-छुलहा मार्ग पर निर्माणाधीन भवन के पास संदिग्ध पुलिस को देखकर घबरा गया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। आरोपी 33 वर्षीय मदन महानंदिया निवासी ग्राम बीजापदर, थाना बौध, जिला बौध (उड़ीसा) ट्रॉली सूटकेस की तलाशी लेने पर छह पैकेटों में रखा 6 किलो 355 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब मोबाइल डेटा और पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप अनूपपुर में किसे पहुंचाई जानी थी और इस अवैध कारोबार में स्थानीय स्तर पर कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई कोतवाली टीआई अशोक संजय एक्का के नेतृत्व में सउनि कोमल अरजरिया, प्रधान आरक्षक शेख रशीद, नितिन नामदेव, राजेश कंवर, प्रकाश तिवारी, चालक प्रधान आरक्षक खेमराज तथा आरक्षक अब्दुल कलीम और अनूप पुषाम की टीम ने की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

