शहडोल: पुलिस ने 6 चोरों को गिरफ्तार कर 8 बाइकें बरामद कीं
शहडोल, 08 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार कर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद किया हैं। आरोपी महंगे शौक पूरे करने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए बाइक चोरी करते थे। बुधवार को बाइक चोरो को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन बढ़ती वारदातों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने संदिग्धों पर नजर रखना शुरू किया और मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर छह आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने आठ चोरी की बाइक बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील वर्मा (26) निवासी कोटमा, मोहम्मद अहमद (38) निवासी कल्याणपुर, शुभम सरवारी उर्फ पापे (26) निवासी सौखी मोहल्ला, सुधीर केवट उर्फ छोटू (32) निवासी जमुई, सागर जायसवाल उर्फ शिवम जायसवाल (24) निवासी जमुई और विजय जायसवाल (31) निवासी जमुई शामिल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनसान स्थानों, बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर खड़ी बाइक को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद वे वाहनों को छिपाकर रखते थे और मौका मिलने पर उन्हें बेच देते थे या अपने उपयोग में लाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। बरामद बाइक के दस्तावेजों का सत्यापन भी कराया जा रहा है, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

