home page

छापेमारी में 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद

 | 
छापेमारी में 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद


भागलपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के युवाओं को नशे के जानलेवा चंगुल से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए भागलपुर पुलिस एक्शन मोड में है।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष महाअभियान “स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर” के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बबरगंज थाना क्षेत्र के चौधरीडीह में की गई सघन छापेमारी में पुलिस ने कुल 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को निरुद्ध किया है, जबकि दुकान की आड़ में नशा बेचने वाला एक मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

उक्त आशय की जानकारी रविवार को सिटी एसपी अतुलेश झा ने दी। सिटी एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बबरगंज थाना क्षेत्र के चौधरीडीह में एक विधि विरुद्ध बालक अपने घर से और राजा यादव (पिता- ठाकुर यादव) अपनी दुकान की आड़ में अवैध मादक पदार्थों का स्टॉक रखकर बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री कर रहे हैं।

सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 और बबरगंज थानाध्यक्ष कर रहे थे। गठित टीम ने पूरी मुस्तैदी के साथ चौधरीडीह में दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।

टीम ने सबसे पहले चिन्हित घर पर छापेमारी कर एक विधि विरुद्ध बालक को 42.56 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ रंगे हाथों निरुद्ध किया। इसके बाद टीम जब राजा यादव की दुकान पर पहुंची, तो पुलिस की भनक लगते ही आरोपी राजा यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। हालांकि, जब दुकान की सघन तलाशी ली गई, तो वहाँ से 16.05 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।

पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में कुल 58.61 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त करने में सफलता पाई है। निरुद्ध किए गए नाबालिग से पुलिस आवश्यक पूछताछ कर रही है ताकि इस रैकेट के अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके। वहीं, फरार आरोपी राजा यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर