home page

डूंगरपुर पुलिस का ऑपरेशन संस्कार: सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले स्टंटबाजों पर कार्रवाई, 51 पावर बाइक्स जब्त

 | 
डूंगरपुर पुलिस का ऑपरेशन संस्कार: सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले स्टंटबाजों पर कार्रवाई, 51 पावर बाइक्स जब्त


डूंगरपुर पुलिस का ऑपरेशन संस्कार: सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले स्टंटबाजों पर कार्रवाई, 51 पावर बाइक्स जब्त


डूंगरपुर पुलिस का ऑपरेशन संस्कार: सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले स्टंटबाजों पर कार्रवाई, 51 पावर बाइक्स जब्त


डूंगरपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। जिले की सड़कों पर तेज रफ्तार से पावर बाइक दौड़ाकर आमजन में भय पैदा करने, खतरनाक स्टंट करने, रील्स बनाने और बिना नंबरी व मॉडिफाइड वाहन चलाकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले मनचलों के खिलाफ डूंगरपुर पुलिस ने व्यापक स्तर पर शिकंजा कसा है। आमजन की जान-माल की सुरक्षा और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन संस्कार तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष धरपकड़ अभियान चलाया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के सख्त निर्देशों पर कुंआ, रामसागड़ा, सागवाड़ा व चौरासी थाना की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए कुल 51 पावर बाइक्स को जब्त किया है। इस कार्रवाई से सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया है।

-

अभियान के तहत कुंआ थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने कुंआ कस्बे में सघन चेकिंग चलाई तथा तेज गति से पावर बाइक चलाकर लोगों को भयभीत करने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए 12 पावर बाइक्स को जब्त किया गया।

वहीं, रामसागड़ा थाना क्षेत्र में रील्स व स्टंटबाजों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। टीम द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने स्टंट करने, रील्स बनाने और तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने वाले चालकों की 15 पावर बाइक्स डिटेन कीं।

इधर, सागवाड़ा थाना पुलिस ने सागवाडा शहर में अभियान चलाया। सागवाडा थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा सागवाड़ा शहर में ऑपरेशन संस्कार के तहत कार्रवाई करते हुए 12 पावर बाइक्स जब्त कीं।

वहीं, चौरासी थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अलग-अलग ग्रुप बनाकर तेज गति से बाइक चलाने वालों पर शिकंजा कसा और 12 पावर बाइक्स को डिटेन किया।

उल्लेखनीय है कि पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित 'ऑपरेशन संस्कार' का मुख्य उद्देश्य सड़कों पर बिना नंबरी वाहनों, बिना वैध दस्तावेजों के वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज गति से चलने वाली पावर बाइक्स पर रोक लगाना है। युवा पीढ़ी में पावर बाइक से खतरनाक स्टंट करने और सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति से आम राहगीरों में डर का माहौल बन रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर शहरी व ग्रामीण इलाकों में एक साथ सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा। बिना दस्तावेज, बिना नंबर प्लेट, तेज रफ्तार व मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने आमजन और युवाओं से अपील की है कि वे अलग-अलग नामों से ग्रुप बनाकर सड़कों पर भय का माहौल न बनाएं। रील्स बनाने के लिए गाड़ियों के साथ स्टंट कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें तथा स्टंट या हथियारों के साथ फोटो-वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आमजन से आग्रह किया है कि ऐसे स्टंटबाजों या हुड़दंग मचाने वाले ग्रुप्स की जानकारी डूंगरपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (dungarpurpolice) पर साझा करें।

एसपी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों और युवाओं को नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने से रोकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष