home page

11 साल से फरार 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गुरुग्राम से गिरफ्तार

 | 
11 साल से फरार 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गुरुग्राम से गिरफ्तार


कानपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। चकेरी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को हरियाणा के गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अपनी पहचान बदलकर वहां रह रहा था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसे ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी करने के बाद कानपुर लेकर आई है।

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार शातिर अवदेश सिंह न्यू आजाद नगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। साल 2015 में चकेरी थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। इसके बाद वह फरार हो गया। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस की सर्विलांस टीम और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपित की लोकेशन हरियाणा के गुरुग्राम में मिली। इसके बाद चकेरी पुलिस ने हरियाणा पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर सेक्टर-74 स्थित एक अपार्टमेंट में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि अवदेश सिंह अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर गुरुग्राम में रहकर रियल स्टेट का बिजनेस कर रहा था। इसके अलावा लगातार वह अपनी लोकेशन भी बदल रहा था ताकि पुलिस उसकी तलाश तक न पहुंच सके। लंबे समय से फरार रहने के बावजूद वह पुलिस की निगरानी में था और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी गिरफ्तारी संभव हो सकी।

पुलिस ने आरोपित को कानपुर लाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपित के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप