फर्जी दस्तावेजों से जमानत लेने वाला 50 हजार का इनामी आगरा से गिरफ्तार
कानपुर, 22 मई (हि.स.)। कोतवाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानत लेने वाले 50 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी को आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार अपराधी की पहचान हरियाणा के जींद निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। उसे आगरा के सीओडी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया है। 10 नवंबर 2020 को कोतवाली थाना में दर्ज मुकदमे में कुल 104 अभियुक्त नामजद थे। इनमें से अधिकांश आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ अभी भी फरार हैं। सुरेंद्र इसी मामले में वांछित चल रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपित गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में कानपुर जेल में निरुद्ध था। इसी दौरान उसने अपने साथियों और अधिवक्ता के साथ मिलकर फर्जी जमानतदार खड़े किए और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए अदालत से जमानत हासिल कर ली। मामला सामने आने के बाद न्यायालय ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

