home page

पुलिस मुठभेड़ में पांच गौकश गिरफ्तार, 2 के पैर में लगी गोली

 | 
पुलिस मुठभेड़ में पांच गौकश गिरफ्तार, 2 के पैर में लगी गोली


नोएडा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। थाना रबूपुरा पुलिस ने गौकशी करने वाले 5 बदमाशों को आज तड़के एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दो बदमाशों के पैर में लगी है। कांबिंग के दौरान पुलिस ने उनके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने गौकशी करने में प्रयुक्त होने वाला ऑटो रिक्शा,गौवध के लिए रखे हुए उपकरण, चाकू, सीरींज, इंजेक्शन, आरी, लोहे का नुकीला सरिया, दो मोहरे, रस्सी का टुकड़ा, चार खाली प्लास्टिक के कट्टे बरामद किया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि थाना रबूपुरा पुलिस आज तड़के रोनीजा कट पर चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध ऑटो रिक्शा आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो रिक्शा रुकने का इशारा किया तो बदमाश रुकने की बजाए वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके ऑटो रिक्शा को घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सैयद अमीन पुत्र सैयद हुसैन निवासी ओखला उम्र 35 वर्ष, गोरामिया पुत्र अमीर हुसैन निवासी नुहू मेवात हरियाणा उम्र 32 वर्ष के पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने दो देशी तमंचे, कारतूस आदि बरामद किया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मौके से तीन बदमाश आटो मे सवार होकर पुलिस पर गोली चलाते हुए अंधेरे में भागे। उनका पुलिस ने पीछा किया। पुलिस ने कांबिंग के दौरान मुन्सर कमाल पुत्र समुचल आलम निवासी नूहू हरियाणा उम्र 24 वर्ष, मोहम्मद बिलाल पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी नुहू मेवात हरियाणा उम्र 23 वर्ष, पुष्पेंद्र कुमार पुत्र बच्चन सिंह निवासी मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी थाना कालिंदी कुंज दिल्ली उम्र 24 वर्ष को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के खिलाफ एनसीआर के कई थानों में गोवध के मुकदमे दर्ज हैं। 26 फरवरी को थाना रबूपुरा क्षेत्र में गौवंश मिला था। इस मामले में यही बदमाश शामिल थे, तथा वांछित चल रहे थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी