बुलंदशहर: संपत्ति विवाद में दरोगा ने अपने भाई को फंसाने की रची साजिश, मुकदमा दर्ज
बुलंदशहर, 14 मई (हि.स.)। दारोगा ने जमीन हड़पने के लिए शिक्षक भाई को रामपुर के हनीट्रैप गिरोह से फंसवा दिया। पुलिस ने मामले में दारोगा समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव उलेड़ा निवासी राकेश कुमार प्राथमिक विद्यालय लोहगरा में अध्यापक है। राकेश के पास एक माह पहले मोबाइल पर एक युवती की काल आई। युवती ने कहा कि वह उससे बात करना चाहती हैं, दोनों के बीच बात होने लगी। छह मई को युवती ने उसको हापुड़ बुलाया और हापुड़ में घुमाने के लिए कहा। राकेश उसके साथ हापुड़ में घूमने लगा। हापुड़ में घूमने के दौरान युवती ने अपने फोन में दोनों के फोटो खींच लिए। इसके बाद उसने युवती को वापस छोड़ दिया। युवती ने अगले दिन राकेश को फोन कर पांच सौ रुपये मांगे। उसने अपने एक परिचित से पांच सौ रुपये युवती के खाते में यूपीआइ के माध्यम से भिजवा दिए। अगले दिन युवती ने उससे 20 हजार रुपये की मांग की। रुपये न देने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने जांच की तो चौंकाना वाला मामला सामने आया। युवती से फोन किसी और ने नहीं, बल्कि राकेश के दारोगा भाई नीरज कुमार ने करवाया था।
एसपी सिटी ने बताया कि राकेश कुमार और उसके दारोगा भाई नीरज कुमार का जमीन को लेकर विवाद चल रहा हैं। नीरज कुमार यूपी पुलिस में दारोगा है और रामपुर जनपद के मिल्क खानमपुर में तैनात है। नीरज कुमार ने भाई की जमीन हड़पने के लिए हनी ट्रैप चलाने वाले ओमकार सिंह के साथ मिलकर राकेश को फंसाने की योजना बनाई। ओमकार सिंह ने गिरोह के अन्य सदस्य के साथ मिलकर आरोपित रानी से राकेश को फोन कराया।
रानी ने राकेश से बात कर उसे मिलने के लिए बुलाया और अपने फोन में उसके फोटो ले लिए। पुलिस ने आरोपित दारोगा भाई नीरज कुमार समेत छह आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना में संलिप्त पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma

