हथियार लहराने का वायरल वीडियो मामले में दो अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र में हथियार लहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
उक्त आशय की जानकारी सोमवार को एसएसपी कार्यालय से दी गई। उल्लेखनीय है कि वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब, हथियार और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सघन गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 मार्च 2026 को एक वायरल वीडियो सामने आया, जिसमें कुछ युवक खुलेआम हथियार लहराते दिखाई दे रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।
एसएसपी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (नगर) भागलपुर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-02) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मो. तारिक (पिता मो. मनीर, निवासी भतुआवाड़ी, थाना हबीबपुर) के लिखित आवेदन के आधार पर हबीबपुर थाना कांड संख्या 60/2026 दर्ज किया गया। तकनीकी जांच और छापेमारी के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि वीडियो में दिख रहे आरोपी अम्बे रोड हटिया स्थित अपने गांव में छिपे हुए हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और दो अपराधियों—करण कुमार (पिता परमानंद साह) और मिथलेश कुमार (पिता नागेश्वर साह), दोनों निवासी अम्बे रोड हटिया, थाना हबीबपुर—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस छापेमारी अभियान में थाना के सह-थानाध्यक्ष सफदर अली, संतोष कुमार, प्रियरंजन सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

