4.95 लाख के नकली नोटों के साथ गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
डूंगरपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। रामसागड़ा थाना पुलिस ने नकली नोट छापकर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 4 लाख 95 हजार 500 रुपये के 500-500 रुपये के 991 जाली नोट, कार, प्रिंटर, लैमिनेशन मशीन, विशेष कागज, नोट गिनने की मशीन, दो मोबाइल व स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार जिले में नकली नोटों के खिलाफ यह अब तक की बड़ी कार्रवाई है।
रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि माडा स्कूल ग्राउंड में कार में सवार युवक नकली नोटों का लेन-देन कर रहे हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने कार को घेर लिया। पुलिस को देखकर तीन युवक भागने लगे, जिनमें से दो को पकड़ लिया गया, जबकि राहुल पुत्र वाडीलाल लबाना निवासी माडा फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपिताें की पहचान भावेश (23) पुत्र गोपाल खटीक, निवासी विजयगंज कॉलोनी डूंगरपुर और नयन (19) पुत्र कमलेश जोशी, निवासी नालंदा बंगलोज, औद्योगिक क्षेत्र डूंगरपुर के रूप में हुई। कार की पिछली सीट पर रखे गत्ते के बॉक्स से अखबार में लिपटे 991 जाली नोट बरामद हुए।
पूछताछ और आरोपिताें की निशानदेही पर पुलिस ने किराए के कमरे से नकली नोट बनाने का सेटअप बरामद किया। पुलिस के मुताबिक आरोपिताें ने करीब 10-15 दिन पहले ही कमरा किराए पर लेकर जाली नोट छापना शुरू किया था और पहली खेप बाजार में खपाने से पहले ही पकड़ में आ गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपिताें ने मौज-शौक और कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए नकली नोट छापने की योजना बनाने की बात सामने आई है। पुलिस फरार आरोपित राहुल की तलाश के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और खरीदारों के नेटवर्क की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

