रानीपट्टी नहर किनारे से 482 बोतल नेपाली शराब के साथ बाइक जब्त , तस्कर फरार। बलुआ बाजार ।
सुपौल, 28 मार्च (हि.स.)। जिले के ललितग्राम थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है।बीते शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे पुलिस ने थाना क्षेत्र के रानीपट्टी टेंगरी नहर के पास छापेमारी कर 482 बोतल कुल 144 लीटर नेपाली दिलवाले सोफी शराब के साथ एक बिना नंबर प्लेट बाइक जब्त की है ।
हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही तस्कर अपनी शराब की खेप छोड़कर मौके से फरार होने में सफल रहा।जानकारी के अनुसार, ललितग्राम थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रानीपट्टी टेंगरी नहर के रास्ते शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही तस्कर बाइक और शराब की खेप छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके से 482 बोतल नेपाली दिलवाले सोफी शराब बरामद करते हुए बाइक को जब्त कर लिया।
इस बाबत थानाध्यक्ष अंजली कुमारी ने बताया कि जब्त शराब और बाइक को थाना लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही फरार तस्कर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

