स्कॉर्पियो से 465 किलो डोडाचूरा बरामद, 21.30 लाख की मशरूका जब्त; तस्कर फरार
मंदसौर, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अफजलपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 465 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रदेशव्यापी नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल, एसडीओपी (ग्रामीण) कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में अफजलपुर थाना पुलिस गुरूवार को देर रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 21 कट्टों से कुल 465 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 9.30 लाख रुपये तथा स्कॉर्पियो वाहन की कीमत लगभग 12 लाख रुपये आंकी है। इस प्रकार कुल 21.30 लाख रुपये की मशरूका जब्त की गई है।
इस मामले में स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 195/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय सहित अफजलपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

