बोलेरो पिकअप से 450 लीटर नेपाली शराब जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार
सुपौल, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के करजाइन थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 450 लीटर नेपाली शराब जब्त की है। पुलिस ने इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब चार बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बोलेरो पिकअप वाहन संख्या BR01PL-7052 से भारी मात्रा में नेपाली शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसआई प्रतिभा कुमारी पल्लवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहन जांच अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बोलेरो पिकअप को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में वाहन से करीब 450 लीटर, यानी लगभग 1,500 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार दो लोग भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर घूरा वार्ड संख्या-8 निवासी सुभाष कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी दीपक कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद शराब और बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

