मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां जब्त, आराेपित फरार
राजनांदगांव, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में आबकारी विभाग ने बीती देर रात मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां जब्त की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल हो रही रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो भी कब्जे में ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निर्मित शराब वाहन के जरिए क्षेत्र से बाहर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आबकारी टीम ने प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में झिंझारी और मडियान रोड के बीच घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो की तलाशी ली गई तो अंदर मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 45 पेटियां मिलीं। विभाग ने शराब को जब्त कर लिया और शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो को भी कब्जे में ले लिया।
आबकारी विभाग के अनुसार टीम को देखकर वाहन में सवार लोग स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए। टीम ने आरोपिताें को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। अब उनकी पहचान और तलाश की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

