home page

शेयर मार्केट की ट्रेडिंग के नाम पर 43 लाख 20 हजार रुपये की ठगी

 | 
शेयर मार्केट की ट्रेडिंग के नाम पर 43 लाख 20 हजार रुपये की ठगी


नोएडा, 20 मार्च (हि.स.)। साइबर क्राइम थाने में एक व्यक्ति ने शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क करके शेयर मार्केट मार्केट में ट्रेडिंग के लिए उनको तैयार किया। आरोपियों ने उन्हें वादा किया कि 6 माह के अंदर 300 से 500 प्रतिशत का फायदा होगा। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनसे धोखाधड़ी करके 43 लाख 20 हजार रुपये की ठगी कर ली।

अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि ललित कपिल पुत्र जवाहरलाल कपिल निवासी शताब्दी विहार सेक्टर 52 ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 21 फरवरी 2026 को उनके पास एक मैसेज आया। मैसेज में उनसे कहा गया कि अगर वह शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करते हैं तो उन्हें मोटा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि इसी बीच उनसे दिया मेहरा नामक एक महिला ने बात की। उसने खुद को शेयर मार्केट का विशेषज्ञ बताया, तथा उनसे कहा कि वह प्रोफेसर ए बाल सुब्रमण्यम नामक व्यक्ति के अंडर में काम करती है, जो ऑथराइज्ड इंस्टीट्यूशन ट्रेडिंग एक्सपर्ट हैं। पीड़ित के अनुसार वह महिला की बातों में आ गए। महिला ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनके बताए हुए शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने पर उन्हें 3 से 6 महीने के अंदर 300 से 500 प्रतिशत तक का फायदा होगा। पीड़ित लालच में आ गए, तथा उन्होंने महिला के कहे हुए एक ऐप के माध्यम से शेयर मार्केट मार्केट में ट्रेडिंग शुरू कर दी।

उन्होंने बताया कि जो पैसा उन्होंने शेयर मार्केट में इन्वेस्ट किया। ऐप पर बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा था। उन्होंने धीरे-धीरे करके आरोपियों के कहे अनुसार उनके खाते में 43 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिया। उनकी रकम पोर्टल पर काफी बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी। पीड़ित के अनुसार जब वह अपनी रकम निकलना चाहा तो आरोपियों उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया। पीड़ित के अनुसार उन्होंने यह रकम अपने माता-पिता, भाई और बेटियों तथा पत्नी से लेकर लगाई थी। उसके बाद उन्हें अपनी ठगी का एहसास हुआ। अपर उपायुक्त ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी