home page

नाकाबंदी तोड़कर भागी स्कॉर्पियो से 419 किलो डोडा पोस्त बरामद, टायर पंक्चर होने के बाद भी दौड़ाते रहे तस्कर

 | 
नाकाबंदी तोड़कर भागी स्कॉर्पियो से 419 किलो डोडा पोस्त बरामद, टायर पंक्चर होने के बाद भी दौड़ाते रहे तस्कर


जालोर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी तोड़कर भाग रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने पीछा कर वाहन को जब्त कर लिया, जबकि चालक सहित दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

भाद्राजून थाना प्रभारी लालसिंह ने बताया कि देर रात निंबला गांव के पास पुलिस द्वारा नियमित नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर नाकाबंदी तोड़ दी और फरार होने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा शुरू किया। तस्करों को रोकने के लिए घेराबंदी कर टायर किलर का इस्तेमाल किया गया, जिससे स्कॉर्पियो के टायर पंक्चर हो गए। इसके बावजूद चालक वाहन को कुछ दूरी तक तेज गति से दौड़ाता रहा।

लगातार पीछा किए जाने पर तस्करों ने सुनसान इलाके में वाहन छोड़ दिया और खेतों व झाड़ियों के बीच भाग निकले।

अंधेरे का फायदा उठाकर चालक समेत दो आरोपित मौके से फरार होने में सफल रहे।

पुलिस द्वारा छोड़ी गई स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें 21 कट्टों में भरा कुल 419.850 किलो अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इसके अलावा वाहन से कुछ फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद की गई हैं, जिससे तस्करी के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपितों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता है। मामले की गहन जांच की जा रही है ताकि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित