चार सौ करोड़ की स्क्रिप चोरी मामले में नौ महीने से फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार
जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के साइबर थाना पुलिस ने करीब 400 करोड़ रुपए की स्क्रिप चोरी और धोखाधड़ी के मामले में नौ महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ज्ञान रंजन स्वान के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की गई स्क्रिप के हस्तांतरण, बिक्री और इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश पासवान के अनुसार आरोपी मुख्य अभियुक्तों के साथ मिलकर चोरी की गई स्क्रिप को अपने आईसीईजीएटीई खाते में ट्रांसफर करवाता था। इसके बाद इन स्क्रिप को आयातकों को बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम आरोपी मुख्य अभियुक्तों के साथ आपस में बांट लेते थे। साइबर थाना पुलिस पिछले नौ महीने से आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार विशेष टीम ने गुजरात में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में सहायक उप निरीक्षक (साइबर कमांडो) ओमप्रकाश और कांस्टेबल शिवकुमार की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने इस साइबर घोटाले का खुलासा करते हुए अप्रैल 2026 में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें जोधपुर निवासी सुल्तान खान, नंदकिशोर, अशोक कुमार भंडारी और प्रमोद खत्री तथा पाली निवासी निर्मल सोनी शामिल थे। इनमें से चार आरोपी फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर तैयार करने का काम करते थे।
जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने विदेश व्यापार महानिदेशालय के पोर्टल पर देशभर की 400 से अधिक कंपनियों के निदेशकों की प्रोफाइल में बदलाव कर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी की। आरोपियों ने 400 से अधिक फर्जी डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र तैयार किए थे। पुलिस जांच में एक डिजिटल हस्ताक्षर के माध्यम से करीब 93 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक खाते से औसतन करीब एक करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की गई, जिससे कुल घोटाले की राशि करीब 400 करोड़ रुपए आंकी गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आधार और पैन कार्ड के आधार पर डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणपत्र तैयार करवाते थे। इसके बाद विदेश व्यापार महानिदेशालय पोर्टल पर कंपनियों के निदेशकों की प्रोफाइल बदलकर नई आईडी बनाई जाती थी। इस प्रक्रिया के जरिए निर्यातकों के खातों में जमा छूट की राशि को ऑनलाइन फर्जी म्यूल खातों में ट्रांसफर किया जाता था। बाद में इस राशि को अन्य लोगों के माध्यम से बेचकर नकदी हासिल की जाती थी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी से जुड़े लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

