जांजगीर-चांपा: अकलतरा पुलिस की रेड में 40 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने ग्राम बरगवां में कार्रवाई करते हुए 40 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार काे किया है। बरामद शराब की कीमत 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आज शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बरगवां निवासी भोला भारद्वाज (30 वर्ष) अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर आरोपित अपने घर में मौजूद मिला। घर की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक बोरी के अंदर पांच पीले रंग की प्लास्टिक पन्नियों में रखे कुल 200 पाउच महुआ शराब बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी अकलतरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में कार्रवाई करते हुए 184 लीटर तथा 104 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में अंग्रेजी और देसी शराब के साथ व्हिस्की व बीयर भी शामिल थीं।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

