भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 403 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। सबौर थाना पुलिस ने सबौर रेलवे स्टेशन के पास से 403.20 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन के साथ एक महिला समेत तीन अंतर्प्रांतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। सोमवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में सिटी एसपी अतुलेश झा ने इस पूरी कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। सिटी एसपी ने बताया कि भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिले में 'स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर' नाम से एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ लेकर सबौर रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने वाले हैं और इसे स्थानीय स्तर पर खपाने की योजना है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए सिटी एसपी की निगरानी में विधि-व्यवस्था डीएसपी, सबौर थानाध्यक्ष और सशस्त्र पुलिस बल की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम जब सबौर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तो वहां मौजूद कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सशस्त्र बल की मदद से मौके पर ही तीनों तस्करों को खदेड़ कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 403.20 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। सिटी एसपी ने साफ किया कि इस रैकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाला जा रहा है। इस अवैध कारोबार में शामिल मुख्य सरगना और अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

