home page

फर्जी आरसी, बीमा दिखाकर प्रॉपर्टी डीलर से ठगे तीन लाख, एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज

 | 
फर्जी आरसी, बीमा दिखाकर प्रॉपर्टी डीलर से ठगे तीन लाख, एसएसपी के आदेश पर केस दर्ज


मुरादाबाद, 01 जून (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के नागफनी थाना क्षेत्र निवासी प्रॉपर्टी डीलर से फर्जी आरसी, बीमा और पहचान पत्र दिखाकर 4.50 लाख रुपये का सौदा किया। आरोपित ने तीन लाख रुपये लेकर एग्रीमेंट भी कर लिया और आरोपित एक सप्ताह में एनओसी देने की बात कहने के बाद नहीं लौटे।

बाद में प्रॉपर्टी डीलर ने जांच की तो पता चला कि कार दिल्ली के शाहीनबाग निवासी व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड है। आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेज से कार को अपनी बातकर सौदा करके रकम ली है। मामले में शिकायत पर एसएसपी के आदेश पर सोमवार को थाना नागफनी पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों पर केस दर्ज कर, जांच शुरू कर दी है।

थाना नागफनी के नवाबपुरा निवासी प्रॉपर्टी डीलर अमन डाबर ने बीते दिनों वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल को शिकायती पत्र देकर बताया कि 17 मार्च को उनके पूर्व परिचित मोहम्मद खालिद अपने साथ उबैदुल्ला और मोहम्मद रजा के साथ घर आया। तीनों टाटा पुंच कार से आए थे। अमन डाबर के अनुसार मोहम्मद खालिद ने उनसे कहा कि दोनों उनके साथी हैं और पैसों की जरूरत के चलते अपनी कार बेच रहे हैं। इसके बाद कार की आरसी, बीमा आदि की कॉपी दिखाई और दोनों का आधार कार्ड भी दिखाया।

पीड़ित के अनुसार विश्वास करके उन्होंने 4.50 लाख रुपये में कार का सौदा तय कर लिया। साथ ही तीन लाख रुपये नकद देकर स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट करा लिया और तय हुआ कि एनओसी मिलने पर बाकी रकम दे दी जाएगी। इसके बाद एक सप्ताह में एनओसी लाने की बात कहते हुए दोनों चले गए। दोनों एक सप्ताह बीतने के बाद भी नहीं लौटे।

पीड़ित के अनुसार बाद में गाड़ी नंबर की मदद से सरकारी वेबसाइट से जानकारी की तो पता चला कि गाड़ी शाहीन बाग जामिया नगर दिल्ली निवासी मोहम्मद रजा के नाम है। अमन डाबर ने आरोप लगाया कि उनके पूर्व परिचित खालिद और उसके साथ आए उबैदुल्ला और रजा ने साजिश के तहत दूसरे की गाड़ी के फर्जी कागजात तैयार कर लिए थे, जो असली की तरह दिख रहे थे। आरोपितों ने कूटरचित दस्तावेजों की मदद से कार का सौदा करके उनसे तीन लाख रुपये ऐंठ लिए।

मामले में एसएसपी ने एफआईआर के आदेश दिए थे। इस संबंध में एसएचओ नागफनी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर पर तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ जालसाजी कर रकम हड़पने का केस दर्ज किया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल