6220 पीस कोडिन सिरप के साथ तीन धंधेबाज गिरफ्तार
भागलपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के ईशाकचक थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6220 पीस कोडिन युक्त सिरप बरामद किया है।
यह कार्रवाई छटपटी पोखर बौंसी पुल के समीप की गई जहां गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्रपति रोड किनारे स्थित एक गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिन सिरप रखा गया है और उसे लाल ऑटो से सप्लाई करने की तैयारी चल रही है।
सूचना मिलते ही ईशाकचक थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोदाम में छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 6220 पीस कोडिन युक्त सिरप जब्त किया और मौके से तीन आरोपियों मंटू कुमार, रवि कुमार और ब्रिज बिहारी यादव को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

