रजौली चेकपोस्ट पर 39 लीटर बीयर जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
नवादा, 19 सितंबर (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली में बिहार की पूर्ण शराबबंदी के बीच उत्पाद पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शनिवार को 39 लीटर बीयर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। रजौली थाना क्षेत्र स्थित समेकित जांच चौकी पर वाहन जांच के दौरान की गई।
रजौली उत्पाद चौकी पदाधिकारी अमृत कुमार गुप्ता ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर अनि नागो लकड़ा के नेतृत्व में टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी से 500 एमएल वाले 78 केन बीयर, यानी कुल 39 लीटर बीयर बरामद हुई।
मामले में वैशाली जिले के बिदुपुर बाजार थाना क्षेत्र के अमर ज्योति कुमार (26), ग्राम खिलावत और अमरेश कुमार (19), ग्राम दाउदनगर मोतालुके को गिरफ्तार किया गया। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई है। उत्पाद पुलिस के अनुसार मामले में मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

