home page

पेट्रोल पंप डीलरशिप के नाम पर 39 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 | 
पेट्रोल पंप डीलरशिप के नाम पर 39 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


उरई, 24 जून (हि.स.)। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की डीलरशिप दिलाने के नाम पर एक किसान से 39 लाख रुपये की ठगी करने वाले शातिर अपराधी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। यह मामला जालौन जिले के कोतवाली कोंच क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित शैलेंद्र कुमार गौतम, जो जालौन के भदारी गांव में रहने वाले एक किसान हैं, को आरोपी ने साल 2020 में पेट्रोल पंप की डीलरशिप दिलाने का झांसा दिया। आरोपी के बहकावे में आकर किसान ने सिलीगुड़ी स्थित एसबीआई शाखा में 39 लाख रुपये जमा कर दिए। हालांकि, जब किसान को न तो डीलरशिप मिली और न ही पैसे वापस, तो उसे ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित ने इस मामले में कोतवाली कोंच में मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी की पहचान शिवकुमार रविदास के रूप में की है, जो बिहार के नालंदा जिले का मूल निवासी है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से आरोपी पुलिस को चकमा देकर लगातार फरार चल रहा था।कोतवाली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने लंबी मशक्कत के बाद आरोपी शिवकुमार रविदास को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में एक अन्य आरोपी, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था, पहले ही जेल जा चुका है।

अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी ने बताया कि आरोपी शिवकुमार प्रतिष्ठित पेट्रोलियम कंपनियों की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करता था। वह अपने पीड़ितों को विश्वास में लेकर उनसे बड़ी रकम जमा करवा लेता था और फिर गायब हो जाता था। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और पीड़ितों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा