home page

380 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त

 | 
380 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त


380 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, कार जब्त


सुपौल, 25 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करजाईन थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 380 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक चारपहिया कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार तस्कर करजाईन थाना क्षेत्र के दहगामा वार्ड संख्या-04 निवासी रमेश मेहता है।

पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को करजाईन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में मादक पदार्थ की तस्करी की जाने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीरपुर ने किया।

गुप्त सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने चिन्हित मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान एक चारपहिया वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहन से 380 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके से रमेश मेहता को गिरफ्तार कर लिया और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन को विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस स्मैक की खरीद-बिक्री के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले लोगों और तस्करी के नेटवर्क तक पहुंचना है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य संभावित लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

इस मामले में करजाईन थाना में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र