फर्जी नंबर वाली फॉच्र्यूनर से 378 किलो डोडा-पोस्त बरामद
जोधपुर, 15 सितम्बर (हि.स.)। डांगियावास थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने सोमवार देर रात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ग्राम बिसलपुर स्थित गोशाला के पास से एक फर्जी नंबर लगी टोयोटा फॉच्र्यूनर गाड़ी से 378 किलोग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया है। मामले में अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थानाधिकारी राजूराम काला ने बताया कि देर रात गोपनीय सूचना पर बिसलपुर गौशाला के पास पुलिस गश्त पर थी। संदिग्ध लगने पर जब फॉच्र्यूनर गाड़ी की तलाशी ली गई, तो उसमें से 378 किलो अवैध डोडा-पोस्त बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी और यह वाहन कर्नाटक से चोरी हुआ था। थानाधिकारी के नेतृत्व में डांगियावास पुलिस की पिछले दो महीनों में यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही इन स्ट्राइक्स से क्षेत्र के नशा तस्करों में हडक़ंप मचा हुआ है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

