home page

शहडोल : तस्करी करते दो वाहनों में 37 मवेशियों छुड़ाया, चार आरोपी फरार, दो चालक गिरफ्तार

 | 
शहडोल : तस्करी करते दो वाहनों में 37 मवेशियों छुड़ाया, चार आरोपी फरार, दो चालक गिरफ्तार


शहडोल, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की सीधी थाना पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो वाहन पकड़े हैं। दोनों वाहन बुधवार-गुरूवार की रात ग्राम कुदरी के जंगल में रोके गए। इनमें क्रूरता से 37 मवेशी भरे मिले। पुलिस ने मिनी ट्रक से 32 और पिकअप से 5 मवेशी बरामद किए।

कार्रवाई के दौरान वाहनों में सवार चार आरोपी जंगल की ओर भाग गए। हालांकि, पुलिस ने दोनों वाहन चालकों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त मवेशियों और वाहनों की कीमत 40 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई है।

पुलिस ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चल रहा है। इसी दौरान सीधी पुलिस को सूचना मिली थी कि दो वाहनों में मवेशियों को भरकर कोतमा से जैतपुर होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम कुदरी के जंगल में नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मिनी ट्रक और पिकअप पहुंचे। पुलिस को देखते ही वाहनों में सवार चार लोग उतरकर जंगल की ओर भागे। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। जांच के दौरान मिनी ट्रक में 32 और पिकअप वाहन में 5 मवेशी मिले। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गिरफ्तार चालकों की पहचान मिनी ट्रक चालक बली खान और पिकअप चालक गुलसेर खान के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मवेशियों को कोतमा से जैतपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। थाना प्रभारी सीधी शिवेंद्र राम भगत ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं। फरार चार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

मनीष शुक्ला

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला