355 किलो अफीम डोडा चूरा जब्त, 40 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
भीलवाड़ा, 28 जून (हि.स.)। भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एसयूवी से 355 किलो अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 53 लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
बिजौलिया थाना प्रभारी स्वागत पांड्या ने बताया कि जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) से मिली सूचना के आधार पर क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। इस दौरान काले रंग की टाटा सफारी को रुकवाकर तलाशी ली गई, जिसमें 19 कट्टों में भरा हुआ कुल 355 किलो अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से कपिल (28) पुत्र भारमलराम विश्नोई निवासी कंवरजी का खेजड़ी थाना ओसियां जिला जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी पर पुलिस थाना गोटन (नागौर) की ओर से 15 हजार रुपए तथा पुलिस थाना बेंगू (चित्तौड़गढ़) की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस प्रकार आरोपी पर कुल 40 हजार रुपए का इनाम था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई बिजौलिया थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से की। अभियान में एएसआई नरेश कुमार, डीएसटी के राकेश, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल मनोज, अनिल कुमार, दलवीर और रणजीत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

