किशनपुर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 324 लीटर नेपाली शराब बरामद
सुपौल, 04 जून (हि.स.)। जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध चार पहिया वाहन से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वाहन के माध्यम से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।पुलिस ने संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर उसका पीछा किया। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 324 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर वाहन मालिक की पहचान कर ली गई है।
मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।वहीं फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस कार्रवाई को शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

