(अपडेट) पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में 32 नामजद, 16 हिरासत में
जयपुर/भरतपुर, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौड़ा गांव में खनन पट्टे पर हुए हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत के मामले में उनकी पत्नी कमलेश भड़ाना ने करीब 32 लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि करीब 80 लोग खनन पट्टे पर पहुंचे और फायरिंग के बाद अतर सिंह भड़ाना तथा वहां मौजूद कर्मचारियों पर लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से हमला किया। पुलिस ने 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के अनुसार मृतक की पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर नामजद लोगों सहित अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ घटनाक्रम और आरोपियों की पहचान के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।कमलेश भड़ाना ने रिपोर्ट में बताया कि वह मैसर्स सुभाष चंद, मुकेश चंद खनन पट्टा संख्या 3/93 में साझेदार हैं। रविवार शाम करीब सात बजे वह अपने पति अतर सिंह भड़ाना के साथ भौड़ा गांव स्थित खनन क्षेत्र के आवास पर थीं। वहां पट्टे पर काम करने वाले कर्मचारी पूरन सिंह, गगन, प्रदीप और कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान भौड़ा गांव के कई लोग वहां पहुंचे। कमलेश ने आरोप लगाया कि करीब 80 लोगों के समूह में शामिल लोगों के पास लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। वहां पहुंचते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी और अतर सिंह भड़ाना को घेरकर हमला किया।सिर और शरीर पर वार करने का आरोप
शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने अतर सिंह भड़ाना के सिर, हाथ, पैर और पीठ पर लाठी-सरियों से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें बचाने के लिए कर्मचारी गगन, पूरन सिंह और प्रदीप सहित अन्य लोग आगे आए तो उनके साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। कमलेश भड़ाना ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें और कर्मचारियों को जिंदा जलाने के इरादे से कार्यालय और कमरों में आग लगा दी तथा खनन क्षेत्र में लगी थ्रेसर मशीनों में तोड़फोड़ की। पति को बचाने की कोशिश के दौरान उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।रिपोर्ट में करीब 32 लोगों को नामजद करने के साथ लगभग 40 अन्य लोगों की पहचान का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि हमलावर मौके पर मौजूद लोगों को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। पुलिस दर्ज रिपोर्ट में शामिल नामों और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।कमलेश भड़ाना ने रिपोर्ट में 25 सितंबर की एक अन्य घटना का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, उस दिन कुछ लोग क्रेशर परिसर में घुस आए थे और कर्मचारियों से मारपीट करने के साथ क्रेशर में तोड़फोड़ की थी। इस संबंध में 27 सितंबर को वैर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।पुलिस वर्तमान मामले में फायरिंग, मारपीट, आगजनी और तोड़फोड़ के आरोपों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और अन्य संदिग्धों की भूमिका की पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

