home page

छह दिनों के विशेष अभियान में 31 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब व मादक पदार्थ बरामद

 | 
छह दिनों के विशेष अभियान में 31 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब व मादक पदार्थ बरामद


किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बीते छह दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर 16 से 22 मार्च के बीच चलाया गया। जानकारी के अनुसार, अवैध बालू खनन, शराब तस्करी, मादक पदार्थ, पशु तस्करी एवं मोटरसाइकिल चोरी के विरुद्ध जिले के सदर थाना, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, गलगलिया समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान दिघलबैंक थाना क्षेत्र में नेपाल सीमा के समीप 371.56 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया, साथ ही 6,665 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं शराब एवं मादक पदार्थ बरामदगी के अन्य मामलों में आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने कुल 176.6 लीटर अवैध देशी शराब तथा 825.62 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।

इसके अतिरिक्त दो बाइक, एक चोरी की मोटरसाइकिल, 13 मवेशी, सात मोबाइल फोन, एक ट्रक, तीन ई-रिक्शा एवं दो ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए वह हर समय प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह