home page

अनूपपुर: बिना नंबर के वाहन से 2.26 लाख रूपयें की 302 लीटर शराब जब्त, दो फरार

 | 
अनूपपुर: बिना नंबर के वाहन से 2.26 लाख रूपयें की 302 लीटर शराब जब्त, दो फरार


अनूपपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में 21-22 अगस्त की रात जैतहरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की बोलेरो वाहन से 302.520 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 26 हजार 476 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ वाहन को भी जब्त कर लिया है। वहीं अंधेरे कर फायदा उठा चालक और एक अन्य फरार हो गये।

थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने शनिवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो में भारी मात्रा में अवैध शराब अनूपपुर से जैतहरी की ओर लाई जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने डायल-112 स्टाफ के साथ बेलिया फाटक के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद अनूपपुर की ओर से एक ट्रक के पीछे वाहन दिखाई दिया। जिसे वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन धीमा होने पर चालक के बगल में राजा सिंधी बैठा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने बोलेरो की रफ्तार बढ़ा दी और जैतहरी की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। चालक वाहन को अमन होटल के पास पीछे के रास्ते में ले गया, जहां कुछ दूरी पर चालक और राजा सिंधी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस ने बोलेरो की तलाशी ली। वाहन के अंदर रखे कार्टूनों में 8 पीएम, मैकडॉवेल्स, रॉयल स्टैग, मैजिक मोमेंट, बोल्ट बीयर और गोवा ब्रांड सहित विभिन्न कंपनियों की शराब बरामद हुई। कुल 302.520 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। पुलिस ने राजा सिंधी और अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार चालक और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। ।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला