home page

300 पेटी विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

 | 
300 पेटी विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार


नवादा, 31 अक्टूबर (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र स्थित चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को शराब तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में पानी की बोतलों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही ऑफिसर चॉइस ब्रांड की 300 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई। साथ ही मिनी ट्रक 407 को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि बिहार-झारखंड सीमा पर शराबबंदी कानून के पालन को लेकर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि झारखंड के कोडरमा से शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। इसके बाद उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जांच तेज की गई। तिरपाल से ढके संदिग्ध मिनी ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो ट्रक के बीच में शराब की पेटियां और चारों तरफ पानी की बंद बोतलें रखी मिलीं। शराब फ्रूटी पैक में थी। जब्त खेप की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार चालक की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र के अमरपुर गांव निवासी समीर कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने शराब कोडरमा से बिहारशरीफ ले जाने की बात बताई। उत्पाद विभाग ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मेडिकल जांच के बाद शनिवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

चितरकोली जांच चौकी पर शराब तस्करी रोकने के लिए उत्पाद विभाग की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन