home page

गुवाहाटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस से 30 किलो गांजा बरामद, तस्करों में हड़कंप

 | 
गुवाहाटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस से 30 किलो गांजा बरामद, तस्करों में हड़कंप


किशनगंज, 25 मार्च (हि.स.) रेलवे स्टेशन पर रेलवे की विशेष एंटी-ड्रगिंग टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। टीम ने गुवाहाटी-बेंगलुरु एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12510 डाउन) से 30.150 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, एंटी-ड्रगिंग टीम को नियमित जांच के दौरान ट्रेन के कोच संख्या एस-1 में संदिग्ध स्थिति नजर आई। तलाशी लेने पर कोच के दोनों छोर पर स्थित शौचालयों की छत की फिटिंग में छिपाकर रखे गए कुल 25 पैकेट बरामद किए गए। सभी पैकेट काले एवं भूरे रंग के सेलो टेप से अच्छी तरह लिपटे हुए थे, जिससे शक और गहरा गया। बरामदगी के बाद टीम ने तुरंत पैकेटों के मालिक की पहचान के लिए यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया। इसके बाद सभी पैकेटों को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर लाया गया, जहां वजन करने पर कुल 30.150 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

बताया जाता है कि नशा तस्कर पूर्वोत्तर राज्यों से दक्षिण भारत की ओर नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए ट्रेनों के शौचालयों की छत और फिटिंग का इस्तेमाल करते हैं, ताकि जांच से बचा जा सके। हालांकि इस कार्रवाई में तस्कर हाथ नहीं लगा, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने से तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को झटका लगा है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा तस्करों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह