धामनोद में 30 गौवंश से भरा वाहन पकड़ा, चालक मौके से फरार
धार, 04 मार्च (हि.स.)।मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। पुलिस ने एक आयशर वाहन से लगभग 30 गौवंश बरामद किए हैं। हालांकि वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम दुधी स्थित मधुबन होटल के सामने की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आयशर वाहन धार से महाराष्ट्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान धामनोद निवासी सुजित पिता कैलाश चौहान (उम्र 21 वर्ष) को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर वाहन को रोक लिया।
वाहन की जांच करने पर उसमें लगभग 30 गौवंश भरे हुए मिले। आशंका जताई जा रही है कि इन गौवंश को अवैध रूप से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था, जहां उन्हें वध के लिए बुचड़खाने पहुंचाया जाना था। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही चालक मौके से फरार हो गया।
इसके बाद सुजित चौहान और उनके साथियों ने वाहन सहित गौवंश को धामनोद थाने पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया और गौवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की।
जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया। आयशर वाहन पर दो अलग-अलग नंबर प्लेट लगी हुई थीं। एक नंबर प्लेट राजस्थान (आरजे) की थी, जबकि दूसरी मध्यप्रदेश की एमपी-09 (MP09GF5429) नंबर की पाई गई। इससे वाहन के डबल रजिस्ट्रेशन या फिर फर्जी नंबर प्लेट का उपयोग किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
धामनोद पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस वाहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि वाहन के वास्तविक मालिक, नंबर प्लेट की सत्यता और गौवंश तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi

