आगरमालवा में बड़ी कार्रवाई, कार से 30 पेटी अवैध शराब जब्त; एक आरोपित गिरफ्तार
आगरमालवा, 26 मई (हि.स.)। आगरमालवा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को एक चार पहिया वाहन से बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कानड़ क्षेत्र से एक वाहन में अवैध शराब भरकर आगरमालवा लाई जा रही है। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस ने मास्टर कॉलोनी के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस को देखकर वाहन सवार आरोपितों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने गोविन्दसिंह को पकड़ लिया। आरोपी ग्राम चिकलीसौंधिया, थाना बड़ौद क्षेत्र का निवासी बताया गया है। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
तलाशी के दौरान महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन से 30 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 360 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 8 हजार रुपये आंकी गई है।
मोतीलाल कुशवाह ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार जब्त वाहन पर एक संगठन का नाम लिखा हुआ था, जबकि वाहन के सामने के कांच पर अंग्रेजी में “ठाकुर” भी अंकित था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

